हर मतदाता तक सही जानकारी पहुँचे, यही प्राथमिकता: अपर जिलाधिकारी
(पौड़ीगढ़वाल)अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने बताया कि आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय, पौड़ी गढ़वाल में जिला संपर्क केंद्र (नियंत्रण कक्ष) की स्थापना की गयी है।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित सूचना, सुझाव, प्रतिक्रिया एवं शिकायतें एक ही स्थान पर प्राप्त करने और उनका त्वरित समाधान करने हेतु यह नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी और जनसुलभ बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जनपद की सीमा के भीतर रहने वाले मतदाता 1950 पर कॉल कर सकते हैं, जबकि जनपद की सीमा से बाहर या अन्य जिलों से कॉल करने वालों के लिए 01368-1950 टोलफ्री नंबर उपलब्ध है। किसी भी कार्यदिवस में प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
अपर जिलाधिकारी ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी कर अपने नाम, विवरण और आवश्यक संशोधन समय पर सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित न रहे।

