Thursday, April 16, 2026
Latest:
उत्तराखंड

घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप लगाने वाले उपभोक्ताओं को यूपीसीएल ने दिया झटका यूनिट के हिसाब से खरीदेगा सरप्लस बिजली

(देहरादून) छतों पर सोलर रूफटॉप लगाने वाले उपभोक्ताओं की सरप्लस बिजली अब यूपीसीएल दो रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से खरीदेगा। अभी तक इसके लिए कोई नियम नहीं था लेकिन नियामक आयोग के आदेश के क्रम में यूपीसीएल ने यह दरें लागू की हैं।

यूपीसीएल ने नेट मीटरिंग के तहत ग्रिड को दी जाने वाली अतिरिक्त बिजली की दरों में यह बदलाव किया है। यूपीसीएल के मुख्य अभियंता (वाणिज्यिक) एनएस बिष्ट की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि यह नई दो रुपये प्रति यूनिट की दर उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग के 20 अगस्त 2025 के आदेश के क्रम में लागू की गई है। आयोग ने वित्त वर्ष 2025-26 और उसके बाद स्थापित होने वाले सोलर पीवी प्लांट्स के लिए बेंचमार्क कैपिटल कॉस्ट की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया था।

नई दर 20 अगस्त 2025 से प्रभावी मानी जाएंगी। उपभोक्ता को मिलने वाली सब्सिडी की राशि चाहे जो भी हो, सरप्लस बिजली की खरीद दर दो रुपये प्रति यूनिट ही रहेगी। यह नियम उन सभी सोलर प्लांट्स पर लागू होगा, जो नेट मीटरिंग व्यवस्था के तहत ग्रिड से जुड़े हैं। सीधे तौर पर ऐसे समझें कि अगर आपके घर की बिजली खपत 200 यूनिट प्रतिमाह है और सोलर रूफटॉप से उत्पादन 300 यूनिट का हुआ है तो 100 यूनिट बिजली यूपीसीएल के ग्रिड में जाएगी।

सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित
इसके दाम अब यूपीसीएल दो रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से देगा। यूपीसीएल मुख्यालय ने प्रदेश के सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया है कि वे अपने संबंधित क्षेत्रों में बिजली पैदा करने वाले उपभोक्ता की सरप्लस बिजली की बिलिंग इसी नई दर के आधार पर सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *