Thursday, February 12, 2026
Latest:
उत्तराखंड

पौड़ी जिले में 181 पोलिंग पार्टियों की 17 अप्रैल को होगी रवानगी

767 पोलिंग पार्टी मतदान समाप्त होने के बाद 19 अप्रैल को लौटेंगी

पौड़ी। लोकसभा निर्वाचन हेतु 19 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए पौड़ी जनपद की 181 पोलिंग पार्टियां दो दिन पूर्व यानि कि 17 अप्रैल को गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगी। जबकि शेष 764 पोलिंग पार्टी 18 अप्रैल को रवाना होंगी। वहीं, 767 पोलिंग पार्टियां मतदान समाप्त होने के बाद 19 अप्रैल को लौट आएंगी। शेष 178 पोलिंग पार्टियां 20 अप्रैल को वापसी करेंगी।

गढ़वाल लोक सभा क्षेत्र के अंतर्गत पौड़ी जिले की 06 विधानसभा सीट शामिल हैं। 03 विधानसभा (पौड़ी, श्रीनगर व चौबट्टाखाल) कंडोलिया खेल मैदान व 03 विधानसभा पीताम्बर दत्त बर्तवाल महाविद्यालय कोटद्वार ( कोटद्वार, यमकेश्वर व लेंसडाउन) से पोलिंग पार्टी रवाना होंगी।

जनपद में मतदान के लिए 945 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिला अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि पोलिंग बूथों की दूरी को देखते हुए रुट चार्ट तय किया गया है। इसके अनुसार पोलिंग पार्टियों की रवानगी होगी। यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 174 पोलिंग पार्टी बनाई गई हैं। इनमें 6 पार्टी 17 अप्रैल और 168 पार्टियां 18 अप्रैल को रवाना होंगी। 156 पार्टी की वापसी मतदान समाप्त होने के बाद 19 अप्रैल को होगी। जबकि शेष 18 पार्टी अगले दिन लौटेंगी।

पौड़ी विधानसभा क्षेत्र की सभी 161पोलिंग पार्टी 18 अप्रैल को जाएंगी और मतदान समाप्त होने के बाद 19 अप्रैल को लौटेंगी। श्रीनगर विधान सभा क्षेत्र की 173 पोलिंग पार्टियों में से 41 पार्टी 17 अप्रैल और 132 पार्टी 18 अप्रैल को रवाना होंगी। 132 पार्टी मतदान समाप्ति के बाद लौट जाएंगी। वहीं 41 पार्टी अगले दिन वापस आएंगी।

चौबट्टाखाल क्षेत्र में 162 पोलिंग पार्टियां हैं। इनमें 42 पार्टी मतदान के दो दिन पूर्व और 120 पार्टी एक दिन पूर्व गंतव्य में पहुंचेंगी। 154 पार्टियों की पोलिंग बूथ से रवानगी मतदान समाप्त होने के बाद हो जाएगी। जबकि 8 पार्टियां अगले दिन प्रस्थान करेंगी। लैंसडौन की 138 पोलिंग पार्टियों में से 87 पार्टी 17 अप्रैल और 51 पार्टियां 18 अप्रैल को प्रस्थान करेंगी। वहीं 32 पार्टियां मतदान समाप्त होने के बाद और 106 पार्टियां अगले दिन 20 अप्रैल को लौटेंगी। इसके अलावा कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में 137 पोलिंग पार्टी गठित की गई हैं। इनमें दो दिन पूर्व सिर्फ 05 पार्टी रवाना होंगी। शेष 132 पार्टियां 18 अप्रैल को प्रस्थान करेंगी। 132 पोलिंग पार्टी मतदान समाप्त होने के बाद 19 अप्रैल को ही लौट जाएंगी। 05 पार्टी 20 अप्रैल को वापसी करेंगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *